शादी की शहनाइयों के बीच पसरा मातम:: फेरों से चंद घंटों पहले दो सगी बहनों ने दी जान, उजड़ गई खुशियां

जोधपुर | खुशियों वाले घर में अचानक चीख-पुकार मच गई और जिस आंगन से डोली उठनी थी, वहां से एक साथ दो अर्थियां उठीं। जोधपुर के मणाई गांव में शनिवार को होने वाली दो सगी बहनों की शादी से ठीक एक दिन पहले दोनों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों बहनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
हाथों की मेहंदी सूखने से पहले ही बुझ गए जीवन के दीये
मृतक बहनों की पहचान शोभा और विमला के रूप में हुई है। शनिवार को दोनों के हाथ पीले होने थे और घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। मेहमानों की आवाजाही और शादी की तैयारियों के बीच शुक्रवार को जैसे ही दोनों बहनों के शव मिले, परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पूरा गांव इस घटना से स्तब्ध है और खुशियां मातम में बदल गई हैं।
नहीं मिला सुसाइड नोट, रहस्य गहराया
सूचना पर पहुंची सूरसागर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आखिर शादी से ऐन पहले दोनों बहनों ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया? यह सवाल अब भी अनसुलझा है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे छिपे असल कारणों का पता लगाया जा सके।
