युवक ने लगाया मौत को गले:: शादी समारोह से लौटी पत्नी के उड़े होश, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले के जहाजपुर कस्बे के संतोषनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 33 वर्षीय युवक ने बीती रात अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस में ही एक शादी समारोह में गए हुए थे। इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है।
जहाजपुर थाने के दीवान के. माली ने जानकारी दी कि संतोषनगर निवासी प्रेमराज (33) पुत्र धन्नालाल कीर शुक्रवार रात को परिवार के साथ कॉलोनी में आयोजित एक शादी समारोह में गया था। कुछ देर बाद वह अकेला घर लौट आया, जबकि परिवार वहीं रुक गया। घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर प्रेमराज ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
हादसे का खुलासा तब हुआ जब प्रेमराज की पत्नी शादी समारोह से वापस घर लौटी। पति को फंदे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से उतारकर तुरंत राजकीय अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रेमराज अपनी वैन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
