सावधान भीलवाड़ा!: नगर निगम की हिट लिस्ट तैयार: अब इन इलाकों की खैर नहीं!

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपना ली है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब सिर्फ अपील नहीं होगी, बल्कि सीधा पीला पंजा चलेगा। निगम की अगली कार्रवाई के निशाने पर शहर के सबसे व्यस्त और रिहायशी इलाके हैं।
निगम की हिट लिस्ट में ये इलाके सबसे ऊपर:
नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सर्राफा बाजार के बाद अब बारी इन क्षेत्रों की है। मुरली विलास रोड पर सडक़ों पर बढ़े अवैध निर्माणों को ढहाया जाएगा। मशीनरी मार्केट और नागौरी गार्डन में नालियों पर हुए पक्के कब्जों पर हथौड़ा चलेगा। आजाद चौक और शाम की सब्जी मंडी में सडक़ों को संकरा करने वालों पर गाज गिरेगी। नागोरी गार्डन में भी जल्द ही कार्रवाई की तैयारी है।
सराफा बाजार में दिखा खौफ, व्यापारियों ने डाले हथियार
आज जब निगम की टीम सराफा बाजार पहुंची, तो नजारा बदला हुआ था। निगम की सख्ती देख अतिक्रमणकारियों के पसीने छूट गए। जो व्यापारी कल तक सडक़ अपनी समझ रहे थे, वे आज खुद अपने हाथों से टीन-शेड, केबिनें , रैम्प और सीढिय़ां हटाते नजर आए।
प्रशासन का अल्टीमेटम: सुधर जाओ, वरना उखाड़ देंगे
मीडिया से मुखातिब होते हुए निगम अधिकारी ने कड़े लहजे में कहा कि नालियों पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नालियों को ढकने की वजह से शहर की सफाई व्यवस्था का दम घुट रहा है। हम व्यापारियों को मोहलत दे रहे हैं- या तो खुद हटें, या फिर हमारा दस्ता उन्हें उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।
3 फीट का नियम, या फिर कार्रवाई !
निगम ने स्पष्ट गाइडलाइन जारी की है कि दुकानदार सिर्फ 3 से 4 फीट तक की सीढिय़ां ही रख सकते हैं। इससे ज्यादा या नाली को कवर करने वाले किसी भी निर्माण को अवैध मानकर ध्वस्त कर दिया जाएगा।
