दबंगों का दुस्साहस:: अतिक्रमण की शिकायत की तो परिवार पर हमला, घर में घुसकर महिला के गले से छीनी सोने की रामनामी

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के काछोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ गांव में चारागाह भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। अतिक्रमणकारियों ने रंजिश पालते हुए न केवल पीडि़त के घर में घुसकर मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग महिला के गले से सोने का आभूषण भी छीन लिया। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से आहत पीडि़त ने अब पुलिस अधीक्षक की शरण ली है।
शिकायत से भडक़े दबंग, घर में घुसकर मचाया तांडव
पीडि़त देवकिशन ने शिकायत में बताया कि करीब एक माह पूर्व उसने ग्राम लक्ष्मणगढ़ की चारागाह भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। देवकिशन का आरोप है कि इसी बात से खुन्नस खाए बैठे प्रकाश मीणा सहित अन्य आरोपियों ने रविवार रात लाठी-डंडों के साथ पीडि़त के घर पर धावा बोल दिया।
चोटी पकड़ी, सोने का मांदलिया लूटा
आरोपियों ने घर में घुसकर देवकिशन और उसकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पीडि़त की वृद्ध माता काली देवी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी प्रकाश मीणा ने उनके साथ बदसलूकी की और उनकी चोटी पकडक़र नीचे गिरा दिया। आरोप है कि इस दौरान दबंगों ने बुजुर्ग महिला के गले में पहना हुआ करीब ढाई तोला वजनी सोने का रामनामी मांदलिया छीन लिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पटवारी, तहसीलदार, थाना सब जेब में है
पीडि़त ने एसपी को दी रिपोर्ट में बताया कि एक आरोपित ने धौंस देते हुए कहा कि मेरी पहुंच बहुत ऊपर तक है, पटवारी, तहसीलदार और थाना सब मेरी जेब में हैं, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।" पीडि़त का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट काछोला थाने में दी गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हैं।
न्याय की गुहार: एसपी से मुख्यमंत्री तक भेजी रिपोर्ट
पीडि़त देवकिशन ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और पुलिस महानिदेशक जयपुर को भी भेजी गई है ।
