बदमाश बेखौफ, पुलिस बेपरवाह:: भीलवाड़ा में लुटेरों का तांडव, महिलाओं के गले से झपटीं चेनें और मंगलसूत्र

भीलवाड़ा बीएचएन| जिले में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस केवल कागजी खानापूर्ति में व्यस्त नजर आ रही है। शहर से लेकर कस्बों तक लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। आलम यह है कि अब धार्मिक आयोजन भी सुरक्षित नहीं रहे। रविवार को शहर के कथा स्थल और आसींद के बाजार में सरेआम लूट की वारदातों ने पुलिसिया इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कथा स्थल पर मची अफरा-तफरी, आगरा की गैंग पर शक
शहर के हरिशेवा धाम में चल रहे सनातन मंगल महोत्सव और श्रीमद् भागवत कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर शातिर महिला चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। आरसी व्यास कॉलोनी निवासी कृष्णा अग्रवाल (65) के गले से सोने की चेन झपट ली गई। बताया जा रहा है कि कृष्णा के अलावा अन्य महिलाओं के गहनों पर भी हाथ साफ किया गया है। भीमगंज पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा की तीन संदिग्ध महिलाओं—कमलेश उर्फ अप्पू, अर्पिता और राखी कोली को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
आसींद में बाइकर्स गैंग का कहर: सरेराह झपटा मंगलसूत्र
लूट की दूसरी बड़ी वारदात आसींद में हुई। दीपाली नामक महिला अपनी सहेली के साथ बाजार में खरीदारी कर स्कूटी से लौट रही थी, तभी बड़ा मंदिर चौराहे के पास घात लगाए बैठे बाइक सवार दो दरिंदों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक पर सवार लुटेरे पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए।
जनता में आक्रोश
आखिर कब जागेगी पुलिस? सरेआम हो रही इन वारदातों से महिलाओं में भारी दहशत है। सवाल यह है कि जब धार्मिक स्थलों और मुख्य चौराहों पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करे? पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा कर रही है, लेकिन अपराधियों के बुलंद हौसले यह बता रहे हैं कि उन्हें खाकी का कोई खौफ नहीं रह गया है।
