स्पा सेंटर में पुलिस की रेड:: पकड़े जाने के डर से दूसरी मंजिल से कूदी युवती और मैनेजर, युवती की मौत

पुणे । महाराष्ट्र के पुणे के विमान नगर इलाके में सोमवार दोपहर पुलिस की छापेमारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस की टीम को देख घबराहट में एक युवती और स्पा मैनेजर ने दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैनेजर गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

'द रूट्स स्पा' में चल रहा था देह व्यापार का खेल

पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना सिटी स्पेस बिल्डिंग स्थित ‘द रूट्स स्पा’ में हुई। विमान नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस स्पा की आड़ में बड़े पैमाने पर वेश्यावृत्ति का रैकेट चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि करने के बाद जब पुलिस टीम ने सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे स्पा पर छापा मारा, तो अंदर हड़कंप मच गया।

खिड़की से छलांग लगाते ही पसरा सन्नाटा

जब पुलिस ने स्पा का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर मौजूद युवती संकिता मुखर्जी और मैनेजर हुसैन रहमान शेख (39) ने भागने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से दोनों ने दूसरी मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण संकिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मैनेजर हुसैन के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके से चार अन्य महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला है।

पुलिस की कार्यवाही पर विवाद, देरी के आरोप

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घायल युवती को अस्पताल ले जाने में करीब 20 मिनट की देरी हुई, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया था।

मालिक और मैनेजर पर मामला दर्ज

पुलिस ने स्पा सेंटर के मालिक और घायल मैनेजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती की मौत को लेकर आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है। पुलिस अब इस देह व्यापार रैकेट के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।

Next Story