जहाजपुर में गुंडागर्दी:: परीक्षा केंद्र के बाहर छात्र से धक्का-मुक्की, बीच-बचाव करने पर शिक्षक को पीटा और दी जान से मारने की धमकी

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जहाजपुर कस्बे के एक परीक्षा केंद्र के बाहर मंगलवार सुबह उस समय माहौल गर्मा गया जब कुछ युवकों ने परीक्षा देने आए एक छात्र के साथ बदसलूकी की। इस दौरान जब एक निजी स्कूल के शिक्षक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और जातिगत अपमानित करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना को लेकर पीड़ित शिक्षक ने जहाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
छात्रा को छोड़ने गए थे स्कूल, तभी शुरू हुआ विवाद
जहाजपुर थाना पुलिस के अनुसार, लाला का बाड़ा निवासी खेमराज (53) पुत्र छीरतराम मीणा, जो एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने काका की पौत्री को परीक्षा के लिए महाराणा प्रताप स्कूल छोड़ने गए थे। वे छात्रा को अच्छे से पेपर देने की हिदायत दे रहे थे, तभी समुदाय विशेष के तीन युवक वहां आए और परीक्षा देने जा रहे दसवीं कक्षा के एक अन्य छात्र को जबरन खींचकर ले जाने लगे।
बीच-बचाव करने पर शिक्षक को बनाया निशाना
आरोपी छात्र के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट पर उतारू थे। यह देखकर शिक्षक खेमराज मीणा ने बीच-बचाव की कोशिश की और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इस पर गुस्साए तीनों युवकों ने छात्र को छोड़कर शिक्षक पर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जातिगत रूप से अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया। आरोपी जाते-जाते शिक्षक को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया एससी-एसटी एक्ट में मामला
घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने जहाजपुर थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने खेमराज मीणा की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
