देवस्थल पर उखड़ी मिली ईंटें, ग्रामीणों में रोष: मौके से संदिग्ध युवक नशे की हालत में गिरफ्तार

देवस्थल पर उखड़ी मिली ईंटें, ग्रामीणों में रोष: मौके से संदिग्ध युवक नशे की हालत में गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले के बरदपुरा इलाके में मंगलवार सुबह एक देवस्थल पर तोडफ़ोड़ की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देवनारायण भगवान के चबूतरे पर ईंटें उखड़ी मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और वहां मौजूद एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

चबूतरे पर तोडफ़ोड़ देख भडक़े ग्रामीण

हनुमाननगर थाना पुलिस के अनुसार, बरदपुरा स्थित देवनारायण भगवान के चबूतरे पर मंगलवार सुबह जब ग्रामीण पहुँचे, तो वहां कुछ ईंटें उखड़ी हुई मिलीं। आस्था के केंद्र पर इस तरह की हरकत देख ग्रामीण जमा हो गए और रोष व्यक्त किया। माहौल को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

नशे में धुत मिला युवक, शांतिभंग में धरा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। छानबीन के दौरान मंदिर परिसर के पास ही एक युवक अत्यधिक नशे की हालत में मिला। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दिनेश मीणा के रूप में बताई। युवक, अन्य गांव का रहने वाला बताया गया है। संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चबूतरे पर ईंटें जानबूझकर किसी शरारती तत्व द्वारा उखाड़ी गई हैं या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करवाते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

Next Story