रणनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने इजरायल रवाना होंगे पीएम मोदी, संसद को भी करेंगे संबोधित

नई दिल्ली/। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से अपनी दो दिवसीय महत्वपूर्ण इजरायल यात्रा का आगाज करेंगे। नौ वर्षों के अंतराल में यह उनकी दूसरी इजरायल यात्रा है, जो वैश्विक राजनीति और पश्चिम एशिया के मौजूदा हालातों के लिहाज से बेहद संवेदनशील और अहम मानी जा रही है। विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी का यह दौरा भारत-इजरायल की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगा।
मुक्त व्यापार समझौते पर टिकी निगाहें
पीएम मोदी के पहुंचने से पहले ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर सरगर्मी तेज है। इजरायल के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर चार दिवसीय उच्च स्तरीय बैठक जारी है, जो 26 फरवरी को संपन्न होगी। माना जा रहा है कि पीएम के दौरे के दौरान इस दिशा में कोई बड़ी घोषणा या प्रगति देखने को मिल सकती है।
इजरायली संसद में गूंजेगी भारत की आवाज
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इजरायल की संसद को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक वार्ता करेंगे। पीएम मोदी इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रीय विषयों पर चर्चा करेंगे।
नेतन्याहू बोले- 'दोस्त का बेसब्री से इंतजार'
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए लिखा कि वे पीएम मोदी के दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बुधवार रात नेतन्याहू द्वारा पीएम मोदी के सम्मान में एक निजी रात्रिभोज (डिनर) का आयोजन भी किया जाएगा, जहां दोनों नेता अनौपचारिक माहौल में रणनीतिक चर्चा को आगे बढ़ाएंगे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
