महिला से लूट का खुलासा:: शातिर बदमाश 'गूंगा' की निशानदेही पर सोने के जेवर बरामद, बाल अपचारी निरुद्ध

शातिर बदमाश गूंगा की निशानदेही पर सोने के जेवर बरामद, बाल अपचारी निरुद्ध
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। खेत में कृषि कार्य कर रही एक वृद्ध महिला को डरा-धमकाकर लूटे गए सोने के जेवरात बरामद करने में बिजौलियां पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर बदमाश नरेश उर्फ गूंगा कंजर की निशानदेही पर लूटा गया माल बरामद किया है, वहीं इस वारदात में शामिल उसके एक साथी बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।

अकेली महिला को पाकर बदमाशों ने की थी लूट

सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार बेनीवाल ने बताया कि लूट की यह घटना 5 फरवरी को लक्ष्मीखेड़ा इलाके में हुई थी। यहाँ 55 वर्षीय नंदभंवरी और उनके पति मदन धाकड़ अपने खेत पर काम कर रहे थे। पति खेत के दूसरे छोर पर था, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुँचे। बदमाशों ने अकेली महिला को डराया-धमकाया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र व मांदलिया लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर जब तक पति मौके पर पहुँचता, आरोपी आँखों से ओझल हो चुके थे।

रिमांड के दौरान उगला राज, जेल पहुँचा आरोपी

मामला 17 फरवरी को दर्ज होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और पिछले दिनों तिलिस्वां मेले से चिताबड़ा निवासी नरेश उर्फ गूंगा (24) पुत्र रामपाल कंजर को गिरफ्तार किया था। आरोपी को रिमांड पर लेकर की गई गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने पीड़िता से लूटे गए सोने के तीन मांदलिया और एक मंगलसूत्र बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने नरेश के साथी एक बाल अपचारी को भी इस मामले में निरुद्ध किया है। मुख्य आरोपी नरेश को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

तीसरे साथी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस वारदात में कुल तीन आरोपी शामिल थे। दो को पकड़ा जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Next Story