हमीरगढ़ पुलिस का डबल अटैक:: पिस्टल सप्लायर और डोडा-चूरा मंगवाने वाला मुख्य आरोपित गिरफ्तार

पिस्टल सप्लायर और डोडा-चूरा मंगवाने वाला मुख्य आरोपित गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले की हमीरगढ़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग आपराधिक मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्यवाही में एक अवैध हथियारों का सप्लायर और दूसरा मादक पदार्थों की तस्करी का मास्टरमाइंड पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

पिस्टल की सप्लाई करने वाला नरेंद्र रैगर धराया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमीरगढ़ पुलिस ने अगस्त माह में स्वरूपगंज इलाके से गोविंदानंद और युवराज नामक दो युवकों को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। इन आरोपितों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि बरामद की गई पिस्टल उन्हें नरेंद्र रैगर ने उपलब्ध करवाई थी। इसी कड़ी में पुलिस ने दबिश देकर पिस्टल सप्लायर नरेंद्र रैगर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नरेंद्र हथियार कहां से लाता था।

जोधपुर का तस्कर मनोहर विश्नोई गिरफ्तार

इसी तरह, एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में पुलिस ने जोधपुर जिले के निवासी मनोहर विश्नोई को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले कारोई पुलिस ने एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडा-चूरा बरामद किया था। मामले की जांच हमीरगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही थी, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि पकड़ा गया डोडा-चूरा मनोहर विश्नोई ने ही मंगवाया था। पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश में थी।

कार्यवाही से अपराधियों में हड़कंप

थाना पुलिस दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे पूछताछ के बाद अवैध हथियारों के नेटवर्क और डोडा-चूरा तस्करी के बड़े गिरोहों का खुलासा हो सकता है।

Next Story