सिरफिरे आशिक की खौफनाक करतूत:: प्रेमिका का इंटरव्यू रुकवाने के लिए कंपनी को दी बम से उड़ाने की धमकी

गुरुग्राम (बीएचएन)। गुरुग्राम में एक सनकी प्रेमी ने आपसी झगड़े का बदला लेने और अपनी पूर्व प्रेमिका का करियर बर्बाद करने के लिए सारी हदें पार कर दीं। प्रेमिका एक नई कंपनी में इंटरव्यू देने न जा सके, इसके लिए युवक ने पूरी कंपनी को ही बम से उड़ाने की फर्जी धमकी दे डाली। सुशांत लोक पुलिस और साइबर सेल ने त्वरित कार्यवाही करते हुए बुधवार को इस डिजिटल 'आतंकी' प्रेमी को दबोच लिया।

लंदन रिटर्न वकील है आरोपी, ईगो के कारण रची साजिश

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 वर्षीय अनिकेत पाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है। हैरान करने वाली बात यह है कि अनिकेत ने लंदन से एलएलएम (LLM) किया है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कानूनी सलाहकार है। आरोपी पिछले डेढ़ साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी।

इंटरव्यू रुकवाने के लिए भेजा 'बॉम्ब ईमेल'

सोमवार को अनिकेत को पता चला कि उसकी प्रेमिका गोल्फ कोर्स रोड स्थित 'द कॉर्पोरेट एज' कंपनी में इंटरव्यू देने जा रही है। उसे डर था कि नई नौकरी मिलने के बाद वह उससे पूरी तरह नाता तोड़ लेगी। इसी डर और बदले की भावना में उसने मंगलवार को कंपनी के आधिकारिक ईमेल पर बम रखे होने की धमकी भेज दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और फायर ब्रिगेड की टीमों ने होराइजन सेंटर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

IP एड्रेस ने खोला राज, सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी

एसीपी (डीएलएफ) विकास कौशिक ने बताया कि साइबर पुलिस ने ईमेल के आईपी एड्रेस और तकनीकी साक्ष्यों को ट्रैक किया, जो सीधे अनिकेत तक पहुँचा। पुलिस ने बुधवार को उसे सेक्टर 31 से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या उसने पहले भी इस तरह की धमकियां किसी को दी हैं।

Next Story