फूलियाकलां और शाहपुरा में दो भीषण सड़क हादसे, दंपती समेत पांच लोग घायल

भीलवाड़ा । जिले के फूलियाकलां और शाहपुरा थाना क्षेत्रों में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पहला हादसा भीम-उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग 148 डी पर फूलिया कला थाना क्षेत्र में घटित हुआ। बडला चौराहे के पास स्थित जगदंबा होटल के समीप एक अनियंत्रित ब्रेजा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ जब कार शाहपुरा की ओर से आ रही थी। पुलिस के अनुसार, संभवतः चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में सांवरलाल और छोटू लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को गुलाबपुरा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से एक की हालत नाजुक होने पर उसे भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दूसरी दुर्घटना शाहपुरा थाना इलाके में आमली बंगला के पास हुई। यहाँ दो बाइकों के बीच हुई आपसी भिड़ंत में मोहन कालबेलिया, उसकी पत्नी गीता और रामकिशन (पुत्र परमा) घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को शाहपुरा अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस घटना के संबंध में कोई लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

Next Story