मानवता शर्मसार-: पालना गृह में छोड़ दी गई दो घंटे की नवजात, नाम मिला यिशा

भीलवाड़ा BHN. शहर के महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित मातृ एवं शिशु इकाई के बाहर गुरुवार को एक बार फिर ममता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। पालना गृह की घंटी बजते ही जब अस्पताल स्टाफ बाहर पहुंचा, तो वहां कपड़े में लिपटी एक लावारिस नवजात बच्ची मिली। समाज के डर से कोई निर्दयी अपनी कोख के अंश को पालने में बेसहारा छोड़ गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे पालना गृह की घंटी बजी। ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग कर्मियों ने तुरंत मौके पर जाकर देखा तो एक नन्हीं बच्ची वहां सुरक्षित रखी हुई थी। चिकित्सकों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची का जन्म करीब 2 घंटे पहले ही हुआ था। बच्ची का वजन मात्र 1 किलो 625 ग्राम है, जो सामान्य से काफी कम है। वजन कम होने और संक्रमण के खतरे को देखते हुए उसे तुरंत विशेष नवजात देखभाल इकाई में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

अस्पताल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना भीमगंज थाना पुलिस और बाल कल्याण समिति को दी। सूचना पर बाल कल्याण समिति के सदस्य अस्पताल पहुंचे और बालिका के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। समिति ने इस मासूम का नाम यिशा रखा है।

Next Story