भीलवाड़ा में आतंक का पर्याय बने गैंग के दो लुटेरे गिरफ्तार, बुजुर्ग महिलाओं से लूटे थे गहने

भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एक के बाद एक लूट की खौफनाक वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले लुटेरों के गिरोह का पारोली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी बाइक छोडक़र भागने में सफल रहे। इन बदमाशों ने न केवल गहने लूटे, बल्कि विरोध करने पर बुजुर्ग महिलाओं पर चाकू से वार किए और एक महिला के तो कान तक काट डाले।

खेत पर काम कर रही महिला को बनाया था निशाना

पारोली थाना सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम को फलासेड गांव में 50 वर्षीय लाली देवी अपने खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और महिला को जमीन पर पटक दिया। जब लाली देवी ने विरोध किया, तो दरिंदों ने चाकू से वार कर उन्हें जख्मी कर दिया और सोने की रामनामी व मांदलिया लूटकर फरार हो गए।

डायल 112 को टक्कर मारकर भागने का किया था प्रयास, पुलिस ने दबोचा

लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने पारोली थाने के पास पुलिस की डायल 112 गाड़ी को टक्कर मारकर निकलने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान चित्तौडग़ढ़ जिले के बड़ीसादड़ी थाना अंतर्गत नलवाई निवासी भैंरू पुत्र घासी मोगिया और मंगलवाड़ निवासी गोवर्धन पुत्र लख्मीचंद मोगिया के रूप में हुई है, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इनके दो अन्य साथी उदलियास इलाके में अपनी बाइक छोडक़र जंगलों में भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है।

कोटड़ी में बुजुर्ग महिला के कान काटकर की लूट

पकड़े गए बदमाशों ने स्वीकार किया कि पारोली की घटना से ठीक पहले उन्होंने कोटड़ी थाना क्षेत्र के जेतपुरा मोड़ पर 55 वर्षीय कमला देवी अहीर को निशाना बनाया था। इन बेरहम लुटेरों ने चाकू से कमला देवी के कान काट दिए और उनके सोने के टोप्स व मांदलिया छीनकर फरार हो गए थे।

आधा दर्जन वारदातों का खुलासा, चित्तौडग़ढ़ तक फैला था नेटवर्क

पारोली थाना कार्यवाहक प्रभारी रामेश्वरलाल मीणा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने भीलवाड़ा के पारोली, कोटड़ी, शक्करगढ़ और चित्तौडग़ढ़ जिले के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है। फरार दोनों आरोपी भी चित्तौडग़ढ़ जिले के ही निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त कर ली है और फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कई और बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकेगा।

Next Story