विश्व युद्ध की आहट:: इजरायल-अमेरिका का ईरान पर महाहमला, तेहरान दहला, दुबई के बुर्ज खलीफा तक पहुंची जंग की आंच

इजरायल-अमेरिका का ईरान पर महाहमला, तेहरान दहला, दुबई के बुर्ज खलीफा तक पहुंची जंग की आंच
X


नई दिल्ली/तेहरान | मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में हालात बेकाबू हो गए हैं। इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर मिसाइलें दागकर बड़ा हमला किया है। इस भीषण हमले के बाद ईरान ने भी कड़ा पलटवार किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। खबर है कि ईरान के समर्थन में हिजबुल्लाह और हूती विद्रोही भी कूद पड़े हैं, जिन्होंने इजरायल पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दागी हैं।

ईरान के रक्षा मंत्री और गार्ड्स कमांडर की मौत का दावा


समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री आमिर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कमांडर मोहम्मद पाकपूर के मारे जाने की खबर है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री ने दावा किया है कि देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई और राष्ट्रपति सुरक्षित हैं। ईरान ने चेतावनी दी है कि इन हमलों का पूरी मजबूती के साथ जवाब दिया जाएगा।

दुबई में कोहराम: बुर्ज खलीफा के पास गिरा ड्रोन, एयरपोर्ट ठप

जंग की आग अब खाड़ी देशों तक फैल चुकी है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी देशों स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। दुबई के आलीशान आइलैंड पाम जुमेराह और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास जोरदार धमाके सुने गए हैं। एक खतरनाक 'शाहेद ड्रोन' बुर्ज खलीफा के पास गिरने से चारों ओर धुआं फैल गया। सुरक्षा के मद्देनजर बुर्ज खलीफा को पहले ही खाली करा लिया गया था। दुबई एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोक दी गई हैं, जिससे हजारों यात्री वहां फंस गए हैं।

भारत की गहरी चिंता: संयम बरतने की अपील

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस भीषण तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है। भारत ने सभी पक्षों से तुरंत संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। भारत ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और देशों की संप्रभुता का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। मिडिल ईस्ट में रहने वाले लाखों भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार अलर्ट मोड पर है।

अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से मौत

UAE के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अबू धाबी के एक रिहायशी इलाके में मिसाइल का मलबा गिरने से एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई है। खाड़ी देशों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तैनात कर दिया गया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455

Next Story