बांसवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को कुचला, मां-बेटे और दामाद की दर्दनाक मौत

बांसवाड़ा (हलचल)। जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दाहोद-बांसवाड़ा मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे और उनके दामाद को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पड़ारिया निवासी भुरजी (40) अपनी सास चंपा और साले पंकज (18) के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने सामरिया गया था। शाम करीब 7 बजे जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे काल रूपी ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
सूचना मिलते ही कलिंजरा थानाधिकारी योगेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से तीनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ट्रेलर जब्त, ड्राइवर फरार
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
