बजरी माफिया हत्याकांड: भीलवाड़ा के आरोपी सहित तीन मददगार गिरफ्तार

भीलवाड़ा।
चित्तौड़गढ़ के बहुचर्चित बजरी माफिया गैंगवार और अजयराज सिंह झाला हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आठ माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी भैरुं गुर्जर को शरण देने और उसे भगाने में मदद करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विशेष बात यह है कि मुख्य शूटर को सुरक्षित निकालने में भीलवाड़ा के रूपाहेली (सदर थाना) निवासी एक युवक की मुख्य भूमिका सामने आई है।
भीलवाड़ा कनेक्शन और फरारी का खेल
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपी भैरुं गुर्जर को ऋषभदेव (उदयपुर) से फरार करवाने में कैलाश चन्द्र पुत्र भैरूलाल जाट, निवासी रूपाहेली (थाना सदर, भीलवाड़ा) का हाथ था। पुलिस ने घेराबंदी कर कैलाश को रूपाहेली से ही डिटेन किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने मुख्य आरोपी को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग किया था।
अन्य दो मददगार भी दबोचे गए
कैलाश के साथ ही पुलिस ने लादूलाल गुर्जर (गंगरार) और किशनलाल गुर्जर (मोती बुकन का खेड़ा) को भी गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने आरोपी को उदयपुर के ऋषभदेव में शरण दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
क्या था मामला?
बीते वर्ष 1 मई की रात सेमलपुरा चौराहे पर एक होटल की छत पर बैठे अजयराज सिंह झाला की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस गैंगवार में वाहनों में आगजनी भी हुई थी। पुलिस अब तक इस मामले में 28 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी भैरुं गुर्जर अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश में भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
