सरकारी स्कूलों की दीवारों पर गुरुजी का अब फोटो और योग्यता के साथ दिखेगा पूरा बायोडाटा

सरकारी स्कूलों की दीवारों पर  गुरुजी का अब फोटो और योग्यता के साथ दिखेगा पूरा बायोडाटा
X


भीलवाड़ा हलचल | राजस्थान के सरकारी स्कूलों की सूरत और सीरत बदलने के लिए शिक्षा विभाग ने एक अनूठी और पारदर्शी पहल शुरू की है। अब स्कूलों की दीवारों पर केवल स्लोगन ही नहीं, बल्कि वहां तैनात शिक्षकों की पूरी कुंडली नजर आएगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट ने प्रदेश के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़े फरमान जारी कर दिए हैं कि हर स्कूल में शिक्षकों का विवरण फोटो समेत सार्वजनिक किया जाए।

'हमारे शिक्षक-कार्मिक': एक क्लिक नहीं, एक नजर में जानकारी

विभाग की इस योजना के तहत स्कूलों में 'हमारे शिक्षक-कार्मिक' नाम से एक विशेष डिस्प्ले बोर्ड या वॉल पेंटिंग तैयार की जाएगी। इसमें शिक्षक का नाम, उनकी एम्प्लॉयी आईडी, फोटो, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता, पद और वे किस कक्षा में कौन सा विषय पढ़ाते हैं, इसका पूरा ब्यौरा दर्ज होगा। यह जानकारी स्कूल के ऐसे हिस्से में लिखी जाएगी जहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति की नजर उस पर पड़ सके।

लापरवाही पड़ी भारी: होगी नेगेटिव मार्किंग

शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्कूल में शिक्षकों की इंफॉर्मेशन दीवार पर नहीं मिली, तो उस स्कूल की 'नेगेटिव मार्किंग' की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को एक ही नजर में यह पता चल जाएगा कि स्कूल में कितने पद स्वीकृत हैं और कितने खाली।


निरीक्षण के दौरान अब अधिकारियों को फाइलों के पन्ने पलटने की जरूरत नहीं होगी। दीवार पर लिखी जानकारी से ही वास्तविक स्थिति का सत्यापन हो सकेगा। रोचक बात यह है कि विभाग के इस कड़े फैसले का शिक्षक संगठनों ने भी स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे शिक्षकों की पहचान स्थापित होगी और समाज में उनके प्रति सम्मान और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455


Next Story