दिल दहला देने वाली वारदात:: सिरफिरे ने किशोर की हथौड़े से की हत्या, मांस खाने और खून पीने जैसी वीभत्स हरकत से सनसनी

दमोह (मध्य प्रदेश)। जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक नरपिशाच प्रवृत्ति के आरोपी ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से नृशंस हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के शरीर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसी अत्यंत वीभत्स हरकत की, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बहन के घर से लौट रहा था किशोर
इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा अपनी बहन के घर समन्ना गांव भाईदूज का टीका लगवाने आया था। टीका लगवाने के बाद जब वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही गुड्डा पटैल ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया। आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से भरत के सिर पर वार किया। जब वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा, तो आरोपी ने हथौड़े से उसके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद की हैवानियत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; उसने किशोर के क्षत-विक्षत शव से मांस निकालकर खाया और हाथों में खून भरकर पिया। इस भयावह दृश्य को देख ग्रामीण सिहर उठे। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह पास के खेत में छिप गया और वहां से पुलिस व ग्रामीणों पर पथराव करने लगा। उग्र भीड़ ने भी आरोपी पर पत्थर बरसाए, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू में किया।
अपनी पत्नी की भी गर्दन काटकर कर चुका है हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुड्डा पटैल एक आदतन अपराधी और सनकी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि आरोपी पूर्व में अपनी पत्नी की गर्दन काटकर हत्या करने के मामले में जेल की सजा काट चुका है। हाल ही में जेल से छूटने के बाद उसने फिर से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
