रेलवे अंडरपास के पास मिला युवती का शव, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, इलाके में सनसनी

सीकर । जिले के पलसाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रानोली थाना इलाके के गोरिया गांव के पास एक रेलवे अंडरपास के समीप एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में भी खलबली मची हुई है।

ग्रामीणों ने सुबह देखा सड़क किनारे शव

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब गोरिया गांव के कुछ ग्रामीण रेलवे अंडरपास के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक युवती के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना रानोली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी रामलाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

डिप्टी और एफएसएल टीम ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कैलाश कंवर राठौड़ भी मौके पर पहुंचीं और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए जिला मुख्यालय से एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि मौत के असली कारणों और हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

शिनाख्त और जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अभी युवती की पहचान के प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं और हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां सुनसान जगह पर फेंका गया है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।

Next Story