कार की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, युवक घायल; पेट्रोल भरवाने जाते समय हुआ हादसा

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक पर पीछे बैठा किशोर उछलकर सडक़ पर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा युवक भी इस हादसे में चोटिल हुआ है।
पेट्रोल भरवाने जाते समय पीछे से मारी टक्कर
बीगोद थाने के दीवान सतपाल ने बताया कि सिंगोली चारभुजा निवासी कालू पुत्र हजारी रैगर, अपने ही गांव के राधेश्याम (14) पुत्र कैलाशचंद्र रैगर को साथ लेकर शुक्रवार सुबह बाइक में पेट्रोल भरवाने बरुंदनी रोड स्थित पंप पर जा रहा था। रास्ते में पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में किशोर ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठा राधेश्याम हवा में उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, चालक कालू भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। घायल कालू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम राधेश्याम की मौत की खबर जैसे ही सिंगोली चारभुजा गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
