भीलवाड़ा में नशे की खेती पर पुलिस का शिकंजा, खेत से अफीम और गांजे के सैकड़ों पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा BHN. जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने खेत में चल रही नशे की खेती पर दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया और मौके से सैकड़ों पौधे जब्त किए।
करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बागजणा गांव में खेत के अंदर अवैध रूप से अफीम और गांजे की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान खेत से 408 अफीम के पौधे (वजन 14 किलो 580 ग्राम) और 60 गांजे के पौधे (वजन 21 किलो 220 ग्राम) बरामद किए गए।
जब्त किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से गोपी रावल (70) निवासी बागजणा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 और 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस अवैध खेती को कब से कर रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं जुड़ा हुआ है।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
