भीलवाड़ा: नागोरी गार्डन में मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त के प्रयास

भीलवाड़ा: नागोरी गार्डन में मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त के प्रयास
X

भीलवाड़ा BHN. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागोरी गार्डन स्थित यूको बैंक के पास आज एक युवक लावारिस हालत में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसकी शिनाख्त के लिए हुलिया और पहनावे का विवरण साझा किया है। मृतक की उम्र करीब 35 साल है और रंग सांवला है। दुबले-पतले शरीर वाले इस युवक के सिर पर काले बाल और चेहरे पर हल्की दाढ़ी-मूंछ है। एक विशेष पहचान के तौर पर युवक के दोनों हाथों की कलाइयों पर पुरानी चोट के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक ने शरीर पर आसमानी व सफेद रंग की चौकड़ीदार शर्ट पहनी है, जिसके ऊपर ब्लू रंग की गर्म जैकेट है। नीचे ग्रे रंग की जींस पैंट पहनी हुई है।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने शव को एमजीएच के चीरघर (मोर्चरी) में रखवाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।

Next Story