भीलवाड़ा में शीतला अष्टमी की धूम: देर रात से शुरू हुई पूजा-अर्चना, आज मनेगा रंगों का उत्सव
भीलवाड़ा हलचल। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर में शीतला माता की पूजा-अर्चना का दौर देर रात से ही प्रारंभ हो गया, वहीं आज बुधवार को रंगोत्सव (धुलेंडी) धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
भीलवाड़ा में शीतला अष्टमी की सबसे पहली पूजा पेच के बालाजी मंदिर में गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। पंडित आशुतोष शर्मा ने बताया कि महिलाओं ने समूह में एकत्रित होकर माता की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार, महिलाओं ने माता को ठंडे व्यंजनों (बसौड़ा) का भोग लगाया।
पंडित शर्मा ने बताया कि शीतला माता की पूजा मुख्य रूप से घर में सुख-शांति बनाए रखने और बच्चों को मौसमी बीमारियों व चेचक जैसी व्याधियों से दूर रखने की मान्यता के साथ की जाती है।
देर रात से ही शहर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में महिलाएं मंगल गीत गाती हुई शीतला माता के थानक पर पूजा करने पहुंचने लगीं। इस दौरान माता को राबड़ी, ओलिया, पूड़ी-साग और अन्य ठंडे पकवानों का नैवेद्य अर्पित किया गया।
आज गली-मोहल्लों में उड़ेगा गुलाल, जमेगा रंग
बुधवार सुबह से ही शहर में रंगोत्सव का उल्लास नजर आने लगा है। गली-मोहल्लों में रंग-गुलाल की बौछारें शुरू हो गई हैं। लोग टोलियां बनाकर एक-दूसरे के घर जा रहे हैं और बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ले रहे हैं। होली के बाद आने वाले इस पर्व पर रिश्तों की मिठास और रंगों का संगम देखने को मिल रहा है। त्योहार को लेकर मंगलवार दिनभर गृहणियां पकवान बनाने में व्यस्त रहीं। घरों में विशेष रूप से घाट, राबड़ी, पकौड़ी और चावल जैसे ठंडे व्यंजन तैयार किए गए हैं, जिनका आज लुत्फ उठाया जा रहा है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
