करेड़ा पुलिस की कार्रवाई-फैक्ट्री में हुई लाखों की नकबजनी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

भीलवाड़ा। करेड़ा थाना पुलिस ने रॉयल इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। इन आरोपियो ने फैक्ट्री के अलावा अन्य वारदातें भी कबूल की है।

क्या था मामला?

थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि प्रार्थी मुबारिक हुसैन रंगरेज (मैनेजर, रॉयल इंडस्ट्रीज) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री और ऑफिस के ताले तोड़कर करीब 1.5 से 2 लाख रुपये का सामान पार कर लिया था। चोरों ने 5 क्रॉम्पटन मोटरें, वेल्डिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, लैपटॉप, मोबाइल चार्जर और नकदी सहित अन्य कीमती सामान चोरी किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की रणनीति और गिरफ्तारी

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (सहाड़ा) बुद्धराज और वृताधिकारी (आसीन्द) ओमप्रकाश के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी। मोबाइल लोकेशन और सीडीआर के वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित किया।

सघन पूछताछ के बाद पुलिस ने अर्जुन खटीक (21) प्यार चंद खटीक निवासी आमदला और किशन गुर्जर (22) पुत्र प्रभु लाल गुर्जर निवासी रेह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप बरामद कर लिया गया है।

अन्य वारदातों का भी हुआ खुलासा

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में न केवल फैक्ट्री की चोरी, बल्कि करेड़ा क्षेत्र से टायर,आसीन्द क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल और गंगापुर थाना क्षेत्र से पिकअप के टायर चोरी की वारदात कबूल की।

इस पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूरणमल मीणा, सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, कांस्टेबल भगवान लाल, मुकेश, राकेश , राकेश और जितेन्द्र सिंह की मुख्य भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Next Story