शक्करगढ़ में फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी बिना नंबरी थार, बदमाश फरार, कारतूस बरामद

भीलवाड़ा: शक्करगढ़ में फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी बिना नंबरी थार, बदमाश फरार, कारतूस बरामद
भीलवाड़ा। शक्करगढ़ थाना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से पीछा कर एक बिना नंबरी महिंद्रा थार गाड़ी और 02 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर 3-4 हथियारबंद बदमाश जंगल में भागने में सफल रहे।
गोपालपुरा टोल तोड़कर भाग रहे थे बदमाश
घटनाक्रम के अनुसार, 14 मार्च 2026 को मांडलगढ़ और बिगोद पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि एक सफेद रंग की बिना नंबरी थार गाड़ी, जिसमें 3-4 बदमाश सवार हैं, गोपालपुरा टोल तोड़कर काछोला की तरफ तेज गति से आ रही है। सूचना मिलते ही शक्करगढ़ थाने के सउनि ताराचन्द मय टीम के बताए गए रूट पर रवाना हुए।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से रोका रास्ता
पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए बीट कांस्टेबल फूलसिंह के माध्यम से रामपुरा गांव के ग्रामीणों को अलर्ट किया। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आम रास्ते पर ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता जाम कर दिया। बदमाशों ने थार को कच्चे रास्ते और स्कूल के पास से भगाने का प्रयास किया, लेकिन आगे तालाब की पाल होने के कारण गाड़ी फंस गई।
हथियार लहराते हुए जंगल में ओझल हुए आरोपी
गाड़ी फंसते ही उसमें सवार तीन व्यक्ति हाथ में बंदूक लहराते हुए जंगल की तरफ भाग निकले। रात का समय होने के कारण और झाड़ियों का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक पीछा किया और सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन फिलहाल उनका पता नहीं चल सका है।
तलाशी में मिले जिंदा कारतूस
जब लावारिस हालत में खड़ी थार की तलाशी ली गई, तो पुलिस को 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए। थार गाड़ी बिना नंबरी है, जिसका आगे का शीशा टूटा हुआ था।गाड़ी के पीछे के कांच पर 'जौरासी सरकार' और 'रॉयल ऑटोमोबाइल्स' लिखा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
शक्करगढ़ थाना पुलिस ने धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 38/2026 दर्ज कर लिया है। इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन के मालिक और बदमाशों की पहचान की जा रही है।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम:
थानाधिकारी पूर्णमल के नेतृत्व में सउनि ताराचन्द, हेड कांस्टेबल बिहारी लाल, कांस्टेबल फूलसिंह, गजवीर, सुरेश, मंगलराम और संदीप इस साहसिक टीम का हिस्सा रहे।
