डीएसटी की तीन थाना इलाकों में बड़ी स्ट्राइक:: बजरी माफिया और गार्नेट प्लांटों पर पुलिस का हल्ला बोल, कई वाहन जब्त

बजरी माफिया और गार्नेट प्लांटों पर पुलिस का हल्ला बोल, कई वाहन जब्त
X

भीलवाड़ा BHN. जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के सख्त आदेश के बाद जिले की विशेष टीम (DST) ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डीएसटी ने बीती रात जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए बजरी माफियाओं और अवैध गार्नेट प्लांट संचालकों की कमर तोड़ दी है। इस कार्रवाई से जिले के खनन माफियाओं में जबरदस्त हड़कंप मच गया है।

रायपुर और आसींद में बजरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई

एसपी धर्मेंद्र यादव के निर्देशन में डीएसटी ने पहली कार्रवाई रायपुर थाना क्षेत्र के थला गांव में की, जहां अवैध खनन में लगी एक जेसीबी को मौके से जब्त किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई आसींद क्षेत्र के परासोली गांव में खारी नदी के पेटे में की गई। यहाँ अवैध रूप से बजरी का दोहन कर रहे एक लोडर और एक डंपर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों ही मामलों में जब्त वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शाहपुरा: अवैध गार्नेट प्लांटों पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक

सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई शाहपुरा थाना क्षेत्र के डाबला कचरा गांव में देखने को मिली। डीएसटी ने यहाँ चल रहे तीन अलग-अलग अवैध गार्नेट प्लांटों पर एक साथ छापा मारा। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई और कई लोग भागने में सफल रहे। हालांकि, टीम ने २ ड्राइवरों को डिटेन कर लिया है। मौके से ६ ट्रैक्टर, ५ मशीनें, २ जेसीबी और २ ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं।

एसपी धर्मेंद्र यादव ने इस कार्रवाई के बाद चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन, बजरी तस्करी और नशीले पदार्थों के काले कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएसटी का यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Next Story