नाता राशि विवाद में युवक पर हमला और दुकान में तोडफ़ोड़: पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

नाता राशि विवाद में युवक पर हमला और दुकान में तोडफ़ोड़: पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
X

भीलवाड़ा बीएचएन। नाता राशि के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसकी दुकान में तोडफ़ोड़ करने के मामले में मांडल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना इसी साल 27 फरवरी को अंजाम दी गई थी।

बोलेरो में सवार होकर आए थे हमलावर

मामले की जांच कर रहे एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि नाता राशि को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 27 फरवरी को आरोपी एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर दूसरे पक्ष की तलाश में निकले थे। हमलावर सबसे पहले शाहपुरा चौराहा स्थित कैलाश गुर्जर के भाई किशन की दुकान पर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला।

मोबाइल शॉप में घुसकर किया हमला

किशन के न मिलने पर आरोपी रायसिंहपुरा चौराहा पहुंचे, जहां कैलाश गुर्जर की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। वहां कैलाश को अकेला देख आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और दुकान में जमकर तोडफ़ोड़ की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पुलिस की गिरफ्त में आए ये आरोपी

फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने विशेष प्रयास किए और अंतत: चार लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तानगढ़ निवासी मुकेश (35) पुत्र सुखदेव गुर्जर, दीपेंद्र सिंह (26) पुत्र चांद सिंह राजपूत, रतन लाल (25) पुत्र रामचंद्र नायक और गोविंदपुरा निवासी कैलाश (22) पुत्र रामेश्वर जाट शामिल हैं।

पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य संभावित मददगारों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

Next Story