खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई:: कमल रेस्टोरेंट से तेल व मसालों के नमूने लिए, गंदगी मिलने पर थमाया नोटिस

कमल रेस्टोरेंट से तेल व मसालों के नमूने लिए, गंदगी मिलने पर थमाया नोटिस
X

भीलवाड़ा | आमजन की सेहत से खिलवाड़ रोकने और शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का डंडा आज चित्तौड़गढ़ रोड पर चला। विभाग की टीम ने सोमवार को कमल रेस्टोरेंट पर अचानक दबिश देकर वहां प्रयुक्त होने वाले मसालों और तेल की जांच की।

मसालों और तेल के नमूने जांच के लिए अजमेर भेजे

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट की रसोई में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी। संदेह होने पर वहां से खाद्य तेल, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। इन नमूनों को सील कर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रसोई में मिली गंदगी, सफाई व्यवस्था पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने पाया कि रेस्टोरेंट परिसर और रसोई में साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताई। मानकों के उल्लंघन और अस्वच्छता के चलते रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है और भविष्य में सुधार न होने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है।

मिलावटखोरी की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जागरूक बनें और किसी भी खाद्य सामग्री को खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता की जांच जरूर करें। यदि कहीं भी मिलावट की आशंका हो, तो तुरंत विभागीय दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचित करें।

Next Story