हमीरगढ़ पुलिस की कार्रवाई:: ट्रक में तस्करी कर ले जाया जा रहा डोडा-चूरा बरामद, चालक-खलासी गिरफ्तार

भीलवाड़ा | जिले की हमीरगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध डोडा-चूरा बरामद कर दो तस्करों को दबोच लिया है।
होटल के पास बिछाया जाल
हमीरगढ़ पुलिस के अनुसार, सोमवार को चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा हाईवे पर श्रीसांई होटल क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को पुलिस टीम ने रुकवाया। ट्रक की सघन तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर ले जाया जा रहा 38 किलो 850 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।
हिम्मत और अनिल चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त करते हुए उसमें सवार चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिम्मत सिंह और अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मंगरोप थाना प्रभारी करेंगे मामले की जांच
हमीरगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज किए गए इस प्रकरण की अग्रिम जांच मंगरोप थाना प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे यह खेप कहाँ से लाए थे और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।
