जिला कारागृह की आकस्मिक तलाशी:: एडीएम और पुलिस जाब्ते ने खंगाली जेल, नहीं मिली कोई निषिद्ध सामग्री

भीलवाड़ा | जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कारागृह की आकस्मिक सघन तलाशी ली गई। उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते ने जेल की हर बैरक को बारीकी से खंगाला।
प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
यह तलाशी अभियान अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) श्रीमती प्रतिभा देवठिया एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) रणजीत गोदारा के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया और जेल के चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
तलाशी के दौरान जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन, सीओ सिटी सज्जन सिंह,अधीक्षक जिला कारागृह शैलेन्द्र सिंह फौजदार थानाधिकारी भीमगंज सुनील कुमार, गांधीनगर पुष्पा कसोटिया सहित कोतवाली और सुभाषनगर थाने के उपनिरीक्षक शामिल थे।
सुरक्षा व्यवस्था मिली चाक-चौबंद
लंबे समय तक चले इस सघन तलाशी अभियान के बाद अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि कारागृह के भीतर किसी भी प्रकार की निषिद्ध सामग्री या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। जेल अधीक्षक को भविष्य में भी सुरक्षा व्यवस्था इसी प्रकार कड़ी रखने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
