भीलवाड़ा बाइपास पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ब्लगर की भिड़ंत में चालक की मौत

भीलवाड़ा बाइपास पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ब्लगर की भिड़ंत में चालक की मौत
X

भीलवाड़ा | शहर के निकटवर्ती भीलवाड़ा बाइपास स्थित आटूण पुलिया पर मंगलवार को एक ट्रेलर और ब्लगर वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

अजमेर से चित्तौड़गढ़ जाते समय हुआ हादसा

पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने बताया कि राजू सिंह (31), पुत्र गणेशसिंह रावत, निवासी माताजी का खेड़ा (सथाणा, बिजयनगर) ट्रेलर लेकर अजमेर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। आटूण पुलिया के पास सामने से आ रहे एक ब्लगर वाहन से ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल राजू सिंह को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद वे भीलवाड़ा पहुंचे। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Next Story