पूर्व पार्षद की सरेराह हत्या,: बदमाशों ने सिर में गोली मारी और सीने पर चाकू से किए कई वार

गोरखपुर/ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह उस समय कोहराम मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि वे वारदात के बाद तब तक मौके पर मौजूद रहे, जब तक उन्हें पूर्व पार्षद की मौत का पूरा यकीन नहीं हो गया।
वारदात का खौफनाक मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार हमलावरों ने राजकुमार चौहान को घेर लिया। हमलावरों ने पहले उनके सिर में गोली मारी, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। जान बचाने के लिए घायल राजकुमार कुछ दूर तक भागे भी, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें दोबारा दबोच लिया। बताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद आरोपी कुछ देर तक वहीं बैठे रहे और मौत की पुष्टि होने के बाद पैदल ही अपनी गाड़ी तक पहुंचकर फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और राजकुमार को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राजकुमार अपने पिता जंगी चौहान के इकलौते बेटे थे और उनके दो बेटियां व एक बेटा है।
पुलिस की घेराबंदी और फोर्स तैनात
सनसनीखेज हत्या की सूचना पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एहतियातन गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पीएसी तैनात की गई है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इलाके में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पूर्व पार्षद की इस तरह सरेराह हत्या के बाद पूरे बरगदवा इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर गहरा आक्रोश है। पुलिस पुरानी रंजिश और चुनावी प्रतिद्वंद्वी सहित सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
