रंजिश चलते बहाया खून-: भीलवाड़ा से कई किलोमीटर तक पीछा कर बावलास में घेरा, दंपती सहित तीन पर बरसाये बैसबॉल के डंडे व स्टिक, तीनों रैफर

भीलवाड़ा/ बागोर (बरदीचंद जीनगर)। रंजिश के चलते दो गाडिय़ों में सवार करीब एक दर्जन लोगों ने कार सवार दंपती सहित तीन लोगों को कई किलोमीटर पीछा करने के बाद बागौर थाने के बावलास इलाके में सुनसान जगह पर घेरने के बाद बैस बॉल के डंडों व स्टिकों से हमला कर दिया। इससे पहले पीडि़त पक्ष की कार को एक अन्य वाहन से टक्कर भी मारी गई। हमले में घायल तीनों जनों को बागौर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।
भीलवाड़ा से पीछा कर भावलास के पास घेरा
बागोर थाने के एएसआई गणपत सिंह ने बताया कि करेड़ा थाना क्षेत्र के अजीतपुरा निवासी शिवराम पुत्र ईश्वर गुर्जर, जगपुरा, रायपुर निवासी नारायण पुत्र भोजा गुर्जर और नारायण की पत्नी बाली गुर्जर मंगलवार को भीलवाड़ा से स्विफ्ट कार में सवार होकर रायपुर जा रहे थे। एएसआई सिंह ने बताया कि इनकी स्विफ्ट गाड़ी का भीलवाड़ा से ही डस्टर व एक अन्य वाहन में सवार लोग पीछा करने लगे। ये लोग, शिवराम व नारायण से पुरानी रंजिश रखे हुये हैं। बागौर थाने के भावलास के पास सुनसान जगह पर हमलावरों ने शिवराम की कार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे गाड़ी रुक गई।
नीचे उतारकर बरसाए डंडे और स्टिक, हालत गंभीर
शिवराम की कार रुकते ही हमलावर अपने वाहनों से नीचे उतरे और कार में सवार शिवराम, नारायण गुर्जर व इनकी पत्नी बाली पर बैस बॉल के डंडों व स्टिकों से ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। हमले में ये तीनों बुरी तरह घायल हो गए। वहीं कार भी बूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बागोर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
स्टेपनी गिरी, टला बड़ा हादसा, नाकाबंदी जारी
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद भागते समय आरोपियों की गाड़ी की स्टेपनी (पहिया) अचानक निकलकर करणवास चौराहे पर गिर गई। गनीमत रही कि स्टेपनी किसी अन्य वाहन या व्यक्ति से नहीं टकराई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हमलावरों की यह बताई पहचान
एएसआई गणपत सिंह ने बताया कि पीडि़त पक्ष ने हमलावरों की पहचान प्रकाश गुर्जर, जगदीश गुर्जर, कन्हैयालाल गुर्जर आदि के रूप में की है। इनके साथ अन्य लोग भी थे। पुलिस इन सभी हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। फिल्हाल हमलावरों का कहीं पता नहीं चल पाया है।
