चोरों की धमाल:: राजपुरा में एक ही रात में चार भाइयों सहित आधा दर्जन लोगों के यहाँ लाखों की चोरी

राजपुरा में एक ही रात में चार भाइयों सहित आधा दर्जन लोगों के यहाँ लाखों की चोरी
X

भीलवाड़ा हलचल न्यूज़ | जिले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की गश्त को धता बताते हुए चोरों ने अब राजपुरा गांव में एक ही रात में आधा दर्जन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। बदमाशों ने चार सगे भाइयों सहित छह लोगों के मकानों से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर ली।

माताजी के मंदिर गया था परिवार, पीछे से हो गई सफाई

काछोला पुलिस के अनुसार, राजपुरा निवासी भवानीशंकर दरोगा और उनके तीन भाई किशन, भंवर व सांवरा दरोगा सोमवार रात को घाटारानी माताजी मंदिर में आयोजित एक झडूले के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने चारों भाइयों के कमरों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी नकदी व कीमती जेवरात समेट कर रफूचक्कर हो गए।

दो अन्य ग्रामीणों के घरों को भी बनाया निशाना

चोरों की टोली यहीं नहीं रुकी, उन्होंने इसी गांव के लक्ष्मण गुर्जर और गोपालसिंह राजपूत के घरों पर भी धावा बोला। यहाँ से भी चोरों ने नकदी और गहनों पर हाथ साफ किया। सुबह जब ग्रामीण मंदिर से लौटे, तो घरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। वारदात के बाद से राजपुरा और आस-पास के क्षेत्रों में ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

सूचना मिलने पर काछोला पुलिस मौके पर पहुँची और मौका-मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पीड़ितों की ओर से औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है, जिसके कारण चोरी गए माल की सटीक कीमत का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस गांव और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।

Next Story