नदी में डूबने से मामा-भांजे की मौत, खेलने का कहकर निकले थे घर से

शाजापुर (हलचल)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ दो किशोरों की नदी में डूबने से असमय मौत हो गई। अकोदिया थाना क्षेत्र के देवला बिहार गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मरने वाले दोनों बालक आपस में मामा-भांजा बताए जा रहे हैं, जो घर से खेलने का बहाना बनाकर निकले थे।
नदी किनारे मिले कपड़े, रात 12 बजे मिले शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पीयूष (13) पुत्र किशोर और उसका भांजा अनमोल (12) पुत्र बलवान मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से खेलने की बात कहकर निकले थे। जब देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद कालीसिंध रेलवे ब्रिज के नीचे नदी किनारे उनके कपड़े बरामद हुए। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय लोगों और परिजनों ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। भारी मशक्कत के बाद देर रात करीब 12 बजे दोनों के शव पानी से बाहर निकाले जा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की सूचना मिलते ही अकोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर अकोदिया सिविल अस्पताल पहुंचाया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एक साथ दो चिरागों के बुझने से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
