जहाजपुर में बाइक भिड़ंत:: बुजुर्ग की मौत, पिता-पुत्री घायल, टक्कर मारकर फरार हुआ दूसरा चालक

भीलवाड़ा (हलचल)। जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
तलोदा जाते समय देवली रोड पर हुआ हादसा
जहाजपुर थाने के हेड कांस्टेबल कासीराम के अनुसार, फतेहगढ़ निवासी भैंरू पुत्र देवीलाल मीणा अपनी 22 वर्षीय बेटी तारा और तलौदा निवासी बुजुर्ग रामचंद्र पुत्र नंदा मीणा के साथ बाइक पर सवार होकर बुधवार रात पापा का खेड़ा से तलोदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवली रोड पर विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बुजुर्ग को डॉक्टर्स ने घोषित किया मृत, घायलों का उपचार जारी
इस भयानक टक्कर में बाइक सवार तीनों जने गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत जहाजपुर के राजकीय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टर्स ने जाँच के बाद बुजुर्ग रामचंद्र मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भैंरू और उनकी बेटी तारा का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस अब फरार बाइक चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जाँच में जुटी है।
