हमीरगढ़ पुलिस की कार्रवाई:: नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गोविंद नाथ गिरफ्तार

नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गोविंद नाथ गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा। नाबालिग लड़कियों के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने केलिए भीलवाड़ा पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में हमीरगढ़ थाना पुलिस ने एक नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

तीन-चार माह से था फरार

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन-चार माह पूर्व गोविंदनाथ कालबेलिया (27) एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

मंडावा सहित कई जगहों पर रखा, बयानों ने खोला राज

विगत दिनों हमीरगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग पीड़िता को दस्तयाब (बरामद) किया। पीड़िता के बयान कलमबद्ध किए गए, जिसमें उसने दिल दहला देने वाला खुलासा किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे मंडावा सहित अन्य विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखता था और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म (रेप) की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस रिमांड पर आरोपी, होगी गहन पूछताछ

पीड़िता के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गोविंद नाथ को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के दौरान किन लोगों ने आरोपी को शरण दी थी और क्या इस घृणित कार्य में कोई अन्य भी संलिप्त था।

Next Story