भीषण सड़क हादसा: पिकअप और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

भीलवाड़ा। गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में बनेड़ा-आगूंचा मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
भगवानपुरा के पास हुआ हादसा
गुलाबपुरा थाने के हेड कांस्टेबल सुनील चौधरी के अनुसार, हादसा गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में भगवानपुरा सरहद में पीर बाबा की मजार रोड पर हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय राहगीर व ग्रामीण एकत्र हो गए।
शंभूगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले थे बाइक सवार
हेड कांस्टेबल सुनील कुमार ने बताया कि, बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियो की पहचान शंभूगढ़ थाना क्षेत्र के बख्तावरपूरा निवासी छोटू उर्फ काना 36 पुत्र जीवन भील और भीलों का खेड़ा बख्तावरपुरा निवासी लोकेश 25 पुत्र प्रताप भील के रूप में हुई हैं। इनमें से छोटू उर्फ काना की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि लोकेश घायल हो गया। पुलिस ने इनके परिजनों को सूचित कर दिया हैं।
पुलिस और चिकित्सा कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गुलाबपुरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। ग्रामीणों की मदद से घायल लोकेश को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए गुलाबपुरा स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने काना के शव को गुलाबपुरा अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह होगा।उधर,दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मार्ग पर कुछ समय के लिए बाधित हुए यातायात को भी सुचारू करवा दिया गया है।
