दो मंदिरों से चोरी हुए जेवरात बरामद, पुलिस ने आरोपित अशोक सोनी से की रिकवरी

भीलवाड़ा (बीएचएन)। पारोली थाना पुलिस ने बागुदार गांव के दो प्रसिद्ध मंदिरों में हुई चोरी की वारदात का पूर्ण पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपित अशोक सोनी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के सभी आभूषण और छत्र बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने एक ही दिन में दो मंदिरों को अपना निशाना बनाया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा।
रिमांड के दौरान हुई माल की बरामदगी
बागुदार निवासी परिवादी रामलक्ष्मण वैष्णव द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद पुलिस ने बड़लियास निवासी अशोक (55) पुत्र भूरालाल सोनी को गिरफ्तार किया था। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर श्री चारभुजा नाथ मंदिर और चारण माताजी मंदिर से चुराया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया।
ये आभूषण किए गए बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से श्री चारभुजा नाथ मंदिर से चोरी किया चांदी का एक बड़ा छत्र (वजन 175 ग्राम), चांदी की आरती (वजन 175 ग्राम) और दो चांदी की गायें (कुल वजन 100 ग्राम), चारण माताजी मंदिर से चुराये चांदी के 2 छत्र (वजन 50 ग्राम) बरामद कर लिए।
60 कैमरों की फुटेज ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
बता दें कि 18 मार्च को दोपहर के समय हुई इस चोरी के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। साथ ही बीटीएस (BTS) डेटा के तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को डिटेन किया गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या अशोक सोनी ने क्षेत्र के अन्य मंदिरों या स्थानों पर भी चोरियां की हैं।
चोरी ट्रैस करने वाली ये थी टीम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक मुंशी खां, सउनि रामेश्वर लाल, कांस्टेबल शैतान सिंह (विशेष योगदान), मनीष कुमार, बजरंग लाल, सुशील कुमार, गणपत और प्रवीण कुमार शामिल थे।
