जिले में दो हादसे-: करंट लगने से किसान की मौत और सड़क दुर्घटना के घायल ने उदयपुर में तोड़ा दम

भीलवाड़ा | जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को दो परिवारों में मातम छा गया। शंभुगढ़ क्षेत्र में एक किसान की खेत पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई, वहीं सदर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों सड़क हादसे में घायल हुए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
खेत पर स्टार्टर के पास अचेत मिला किसान
शंभुगढ़ थाने के दीवान सत्यनारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि आकड़सादा निवासी गोपाल (40) पुत्र घेवरचंद प्रजापत शनिवार सुबह फसल की पिलाई करने के लिए सिजारे के खेत पर गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो उसका छोटा भाई दिनेश उसे देखने खेत पहुंचा। वहां गोपाल बिजली के स्टार्टर के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे आसींद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पिकअप की टक्कर से घायल दुर्गालाल की मौत
दूसरी दुखद घटना सदर थाना क्षेत्र से जुड़ी है। एएसआई शैतानसिंह मीणा ने बताया कि बीती 18 मार्च को कोदूकोटा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप ने दुर्गालाल मीणा (35) को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल दुर्गालाल को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया था। वहां अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए दुर्गालाल ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई प्रकाश ने पुलिस को मामले की रिपोर्ट दी है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
