रेल से गिरकर अज्ञात युवक की मौत-रूपाहेली-विजयनगर के मध्य हुआ हादसा

रेल से गिरकर अज्ञात युवक की मौत-रूपाहेली-विजयनगर के मध्य हुआ हादसा
X

भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा -अजमेर रेल मार्ग स्थित रूपाहेली और विजयनगर रेलवे स्टेशनों के मध्य रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। उदयपुर सिटी से मदार जा रही पैसेंजर ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

विद्युत पोल संख्या 75/2-3 के पास मिला शव

जीआरपी चौकी भीलवाड़ा के हेड कांस्टेबल लेखराज से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सवारी गाड़ी संख्या 19606 उदयपुर सिटी-मदार पैसेंजर एक्सप्रेस की है। ट्रेन जब रूपाहेली और विजयनगर के बीच से गुजर रही थी, तब विद्युत पोल संख्या 75/2-3 के समीप एक युवक असंतुलित होकर नीचे गिर गया। गंभीर चोटें आने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया गया शव

सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को गुलाबपुरा चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है।

जीआरपी ने जारी किया हुलिया, वारिसों की तलाश जारी

जीआरपी पुलिस ने मृतक के वारिसों और परिजनों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों पर भी सूचना भिजवाई गई है। पुलिस ने आमजन स अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति लापता हो या किसी को जानकारी मिले, तो तुरंत जीआरपी चौकी भीलवाड़ा में सूचित करें।

Next Story