रायला पुलिस का बड़ा एक्शन:: फॉरच्यूनर से अफीम की तस्करी कर रहे हरियाणा के तीन तस्कर दबोचे, खाकी के आगे फेल हुआ 'नशा नेटवर्क'

भीलवाड़ा बीएचएन | भीलवाड़ा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना 'रौद्र रूप' दिखाते हुए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के हंटर के आगे तस्करों के मंसूबे पस्त हो गए हैं। रायला पुलिस ने मंगलवार अलसुबह नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी फॉरच्यूनर कार को चीरते हुए हरियाणा के तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
लग्जरी कार में 'काला जहर', पुलिस ने घेरा
रायला थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर थाने के सामने लोहे जैसी नाकाबंदी की थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध फॉरच्यूनर को पुलिस ने बाज जैसी नजरों से भांप लिया। पुलिस ने फॉरच्यूनर उन्हें चारों ओर से घेर लिया।
सोनीपत के तीन तस्कर, 592 ग्राम अफीम जब्त
गाड़ी की सघन तलाशी ली गई तो पुलिस के भी होश उड़ गए। लग्जरी फॉरच्यूनर की आड़ में आरोपी अफीम की बड़ी खेप ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 592 ग्राम अफीम बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की जाट, राहुल जाट और नुकूल जाट, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करों की शान की सवारी 'फॉरच्यूनर' को भी ज़ब्त कर लिया है।
उदयपुर से हरियाणा का खौफनाक 'कनेक्शन'
प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने उगला है कि वे यह अफीम उदयपुर जिले से खरीदकर लाए थे और इसे हरियाणा में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब इस पूरे 'ड्रग सिंडिकेट' की जड़ें खोदने में जुट गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस यह पता लगा रही है कि इस काले कारोबार में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं।
