सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम अस्पताल में भर्ती

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम अस्पताल में भर्ती
X

नई दिल्ली |कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत मंगलवार रात को अचानक खराब हो गई. इसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सोनिया गांधी की तबीयत दो महीने पहले जनवरी, 2026 में भी काफी बिगड़ गई थी. जिसके बाद उन्हें छह दिनों तक सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया गया था. इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है.

बताया जा रहा है कि चेस्ट की समस्या की वजह से 79 वर्षीय सोनिया गांधी को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर अनूप बासु की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. वहीं सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी अस्पताल में मौजूद हैं. डॉक्टरों के अनुसार, सोनिया गांधी की स्थिति अभी ठीक है. उन्हें डॉक्टरों की टीम की निगरानी में रखा गया है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें सांस लेने में तकलीफ और पुराने ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या के कारण अस्पताल लाया गया. चेस्ट मेडिसिन विशेषज्ञों की एक टीम उनकी सघन जांच कर रही है. हालांकि अस्पताल प्रबंधन और पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनकी स्थिति वर्तमान में स्थिर है और उन्हें एहतियात के तौर पर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. सोनिया गांधी को पिछले कुछ समय से प्रदूषण के कारण लगातार खांसी की समस्या रही है.

जून 2025 में भी अस्पताल में होना पड़ा था भर्ती

इससे पहले भी सोनिया गांधी को स्वास्थ्य कारणों के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. जून 2025 में पेट से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती किया गया था. यहां करीब 4 दिन बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया था. हालांकि इसके बाद भी उनका घर पर उपचार चालू रहा है. बीते कुछ सालों में उनका स्वास्थ्य तेजी से गिरा है. कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ सालों से उनका रूटीन मेडिकल चेकअप भी लगातार हो रहा है. इसी दौरान उन्हें हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद शिमला के अस्पताल में भी ले जाया गया. बाद में दिल्ली में दोबारा जांच और इलाज कराया गया. फरवरी 2025 में भी सोनिया गांधी को एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था. यहां डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया.

Tags

Next Story