पेट्रोल पंप के पास धूं-धूं कर जले तीन ऑटो और कार: मची अफरातफरी; शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण

पेट्रोल पंप के पास धूं-धूं कर जले तीन ऑटो और कार: मची अफरातफरी; शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण
X

उदयपुर ( हलचल)। शहर के पटेल सर्कल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वहां खड़े तीन ऑटो और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना पेट्रोल पंप के ठीक बाहर होने के कारण बड़ा हादसा होने का अंदेशा था, लेकिन दमकल विभाग की मुस्तैदी से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

पेट्रोल पंप के करीब फैला लपटों का तांडव

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास खड़े दो अन्य ऑटो और एक कार तक पहुंच गईं। सूचना मिलते ही पारस तिराहा और अशोक नगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। गनीमत रही कि आग पेट्रोल पंप के नोजल और भूमिगत टैंक तक नहीं पहुंची, अन्यथा भयानक विस्फोट हो सकता था।

शॉर्ट सर्किट से भड़की चिंगारी

घटनास्थल पर ऑटो खड़े करने को लेकर चालकों के बीच अक्सर होने वाले विवाद के कारण शुरुआती तौर पर इसे आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा था। हालांकि, थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज की प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

Next Story