भीलवाड़ा के लिए बड़ी खबर:: गर्मियों की छुट्टियों में इंदौर और श्रीगंगानगर जाना हुआ आसान, रेलवे ने शुरू की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

गर्मियों की छुट्टियों में इंदौर और श्रीगंगानगर जाना हुआ आसान, रेलवे ने शुरू की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
X

भीलवाड़ा BHN. ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भारी भीड़ और सुगम रेल यात्रा को देखते हुए रेलवे ने भीलवाड़ा वासियों सहित शेखावाटी और मालवा के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा श्रीगंगानगर-लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर)-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन शुरू किया गया है, जिसका ठहराव भीलवाड़ा स्टेशन पर भी सुनिश्चित किया गया है।

भीलवाड़ा से इंदौर और गंगानगर की सीधी राह:

उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से भीलवाड़ा के यात्रियों को सीधे इंदौर (लक्ष्मीबाई नगर) और श्रीगंगानगर जाने के लिए एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। यह ट्रेन न केवल पर्यटन के लिहाज से बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

ट्रेन का समय और संचालन अवधि:

गाड़ी संख्या 04735 (श्रीगंगानगर-लक्ष्मीबाई नगर): यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 2 अप्रैल से 9 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरे लगाएगी। प्रत्येक गुरुवार को श्रीगंगानगर से दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर, यह ट्रेन भीलवाड़ा होते हुए अगले दिन शुक्रवार सुबह 9:55 बजे लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 04736 (लक्ष्मीबाई नगर-श्रीगंगानगर): वापसी में यह ट्रेन 3 अप्रैल से 10 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। प्रत्येक शुक्रवार को लक्ष्मीबाई नगर से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर शनिवार दोपहर 12:20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव:

यह स्पेशल रेलसेवा रास्ते में भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, सीकर, लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर शेखावाटी, चूरू, नोहर, हनुमानगढ़ और सादुलशहर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में 20 कोच होंगे, जिनमें सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं।

बांदीकुई को भी मिली सौगात:

इसी के साथ रेलवे ने बांदीकुई स्टेशन पर जोधपुर-हावड़ा (12308) और बीकानेर-हावड़ा (22308) ट्रेनों के ठहराव को भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द ही उत्तर-पश्चिम रेलवे द्वारा इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर ठहराव शुरू कर दिया जाएगा।

Next Story