ओवरटेक के विवाद में बुजुर्ग की कुचलकर हत्या, बदले में दो भाइयों को उतारा मौत के घाट

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर उपजा मामूली विवाद तीन जिंदगियों की मौत का सबब बन गया। ढोलिया गांव में शनिवार को हुए इस भीषण संघर्ष में पहले एक बुजुर्ग को लोडर से कुचलकर मार डाला गया, जिसके प्रतिशोध में ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के दो सगे भाइयों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गांव में उपजे भारी तनाव को देखते हुए पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ओवरटेक के विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, ढोलिया गांव निवासी अमन और लकी कश्यप लोडर में भूसा भरकर कन्नौज जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही श्याम पांडे भी अपना भूसा लेकर निकल रहे थे। मनीमऊ मोड़ के पास गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर श्याम पांडे ने अपने घर पर सूचना दी, जिसके बाद उनके पिता देवी सहाय (70) गांव के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि इसी बीच लकी कश्यप ने जानबूझकर लोडर से देवी सहाय को टक्कर मारी और फिर गाड़ी को कई बार आगे-पीछे कर उन्हें बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बदले की आग में दो सगे भाइयों की बलि
बुजुर्ग की हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने आरोपी पक्ष के दो भाइयों शिवम (28) और अमन (17) पर हमला बोल दिया। हमले में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महज कुछ मिनटों के भीतर गांव में तीन लाशें गिरने से हड़कंप मच गया।
भारी पुलिस बल तैनात, जांच शुरू
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और पुलिस महानिरीक्षक (लखनऊ परिक्षेत्र) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है; यह घटना तात्कालिक विवाद का परिणाम है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है।
चार टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस महानिरीक्षक ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
