भीलवाड़ा: एलएनटी मार्ग पर मिली अज्ञात महिला की लाश, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस

भीलवाड़ा: एलएनटी मार्ग पर मिली अज्ञात महिला की लाश, पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
X

भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर के व्यस्त एलएनटी मार्ग पर शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस मृतका की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

मांग कर गुज़ारा करती थी महिला

कोतवाली थाने के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) मदनलाल खटीक ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह महिला पिछले दो-तीन वर्षों से एलएनटी मार्ग क्षेत्र में ही रह रही थी। वह मांगकर अपना पेट भरती थी और फुटपाथ पर ही निवास करती थी। शनिवार को स्थानीय लोगों ने उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल पहुँचाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया।

हुलिए के आधार पर तलाश रहे परिजन

मृतका की आयु लगभग 60 वर्ष आंकी गई है। उसने पहनावे में लहंगा-ब्लाउज और उसके ऊपर सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। पुलिस मृतका के हुलिए और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

शिनाख्त की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इस हुलिए की किसी महिला के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तुरंत कोतवाली थाना भीलवाड़ा में सूचित करें। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शिनाख्त होने के पश्चात पूर्ण की जाएगी।

Next Story