समेलिया में हृदय विदारक घटना: डूबने से मामा-भांजे की मौत, गांव में शोक की लहर

समेलिया में हृदय विदारक घटना:  डूबने से मामा-भांजे की मौत, गांव में शोक की लहर
X

भीलवाड़ा। मांडल थाना क्षेत्र के समेलिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में मामा और भांजे की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव गोताखोरों की मदद से तालाब से बाहर निकाल लिए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि डूबते भांजे को बचाने के लिए मामा भी तालाब में कूदा, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।

मांडल थाने के सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह के अनुसार दरीबा निवासी कैलाश बिश्नोई का 10 वर्षीय पुत्र भेरूलाल बिश्नोई इन दिनों अपने ननिहाल समेलिया आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपने 25 वर्षीय मामा डालचंद बिश्नोई पुत्र भगवान लाल बिश्नोई के साथ गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब पर नहाने गया था।

नहाने के दौरान भेरूलाल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में मामा डालचंद तुरंत पानी में उतरा, लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह भी संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मांडल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाल लिए गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जहां दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया।

इस हादसे के बाद समेलिया गांव में शोक की लहर है। एक ही घटना में मामा भांजे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Next Story